उत्तराखंड

राकेश राणा को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का महासचिव बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह

छात्र राजनीति से कांग्रेस संगठन तक लंबा सफर, कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं राकेश राणा

टिहरी – कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने टिहरी गढ़वाल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है।

कार्यकर्ताओं ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए राकेश राणा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इनका राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वर्ष 1995 में एनएसयूआई (NSUI) से जुड़ने के बाद उन्होंने छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और लगातार दो बार गढ़वाल विश्वविद्यालय परिषर टिहरी में छात्र संघ के नेता चुने गए। छात्र राजनीति के बाद उन्होंने युवा कांग्रेस संगठन और कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राकेश राणा दो बार जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष, एनएसयूआई,युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। इसके अलावा वे लगभग नौ वर्षों तक युवा कल्याण विभाग, टिहरी के अध्यक्ष रहे। वे दो बार प्रतापनगर से क्षेत्र पंचायत सदस्य भी चुने गए। वर्तमान

राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के साथ राकेश राणा लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहे हैं। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौर में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही और राज्य आंदोलनकारियों के मुद्दों को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहे हैं। वर्तमान में वे उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच टिहरी गढ़वाल की कार्यकारी अध्यक्ष भी है पहाड़, ग्रामीण क्षेत्रों, युवाओं तथा आम जनता से जुड़े विषयों को लेकर वे निरंतर सक्रिय रहे हैं।

राकेश राणा  उत्तराखंड तक सीमित नहीं  रहे बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं चुनावी अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। जमीनी स्तर पर संगठन के कार्यकर्ताओं से संवाद और विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी के लिए काम करने का उन्हें लंबा अनुभव है।

शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी विशेष रुचि रही है। उनका मानना है कि पहाड़ के युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। वे लंबे समय से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

राकेश राणा की प्रदेश महासचिव के रूप में नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्र राजनीति से लेकर युवा कांग्रेस, जिला कांग्रेस और प्रदेश संगठन तक विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के कारण उन्हें संगठन की जमीनी परिस्थितियों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं की अच्छी समझ है।

नवनियुक्त प्रदेश महासचिव राकेश राणा ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से उत्तराखंड में कांग्रेस को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!