चारधाम यात्रा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच पुलिस सख्त, रोड़ किनारे अतिक्रमण व भारी वाहन चालकों पर कार्रवाई
उत्तरकाशी – चारधाम यात्रा-2026 वर्तमान में अपने पीक पर है, पिछले 1-2 सप्ताह से श्रद्धालुओं की संख्या मे भारी बढोतरी हो रही है। श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 08 लाख के पार पहुंच चुकी है। यात्रा के सुगम व सुरक्षित संचालन हेतु उत्तरकाशी पुलिस मुस्तैद है। यात्रा के बढ़ते दबाव के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम द्वारा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवीधार से गंगोरी तक सघन चेकिंग एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे भवन निर्माण सामग्री, रेत, बजरी, रोड़ी, ईंट, सरिया आदि रखकर यातायात बाधित करने वाले 05 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक का 10-10 हजार रुपये का चालान किया गया।
इसके अतिरिक्त रोड किनारे नो-पार्किंग जोन में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया तथा 04 भारी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई, जो निर्धारित समय से पूर्व यात्रा मार्ग एवं शहर क्षेत्र में अपने वाहन संचालित कर रहे थे।
उत्तरकाशी पुलिस सभी स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि चारधाम यात्रा की सुचारू एवं सुरक्षित व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु हमारे अतिथि हैं। तीर्थयात्रियों को सरल, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना हमारी प्राथमिकता एवं नैतिक जिम्मेदारी है।

