राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चंदेली में ‘स्मार्ट क्लास’ का भव्य शुभारंभ, आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे
पुरोला (उत्तरकाशी) – शिक्षा के स्तर को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चंदेली में ‘स्मार्ट क्लास’ का गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ किया गया। इस तकनीक के आने से अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी डिजिटल माध्यम से आधुनिक तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे।
अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और रिबन काटकर किया उद्घाटन
कार्यक्रम का आधिकारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि डायट बड़कोट के प्राचार्य संजीव जोशी तथा विशिष्ट अतिथि विकासखंड पुरोला की खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) पूजा नेगी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर और रिबन काटकर किया गया।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने नवनिर्मित स्मार्ट क्लास का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा में मौजूद विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और डिजिटल माध्यम से संचालित शिक्षण प्रक्रिया की जमकर सराहना की। इस दौरान दूरदर्शन की टीम ने भी विद्यालय पहुँचकर कार्यक्रम का विशेष कवरेज किया।
“डिजिटल शिक्षा से बढ़ेगी बच्चों की रचनात्मकता”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायट बड़कोट के प्राचार्य संजीव जोशी ने कहा, “स्मार्ट क्लास विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा देने की एक बेहतरीन और गुणवत्तापूर्ण पहल है।” वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी पूजा नेगी ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और उनकी रचनात्मकता को बढ़ाने में बेहद सहायक सिद्ध होगी।
अतिथियों का स्वागत एवं आभार
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त शिक्षकों ने उपस्थित सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया और उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में यह सभी रहे उपस्थित
इस गौरवपूर्ण अवसर पर डायट से प्रवक्ता सुबोध बिष्ट जी, प्रधानाध्यापक सुरेश लाल शाह, सहायक अध्यापक बिजेन्द्र सिंह रावत तथा सहायक अध्यापिका मीना चन्द उपस्थित रहीं।
इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष संकल दास, ग्राम प्रधान चंदेली, ग्राम प्रधान नेत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंदेली, नेत्री एवं स्वील गाँव के तमाम गणमान्य लोग, विद्यालय की भोजन माताएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं व अभिभावक उपस्थित रहे।

