नैताला में किसान ऋण मेला-2026 आयोजित, 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित
बैंक अध्यक्ष शारदा राणा बोलीं– किसानों, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता, विधायक सुरेश चौहान ने सहकारी बैंक की पहल को सराहा
उत्तरकाशी -ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों, युवाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को भटवाड़ी विकासखंड के नैताला स्थित बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति में किसान ऋण मेला-2026 का आयोजन किया गया। उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में लाभार्थियों को विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत कुल 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए।
बैंक अध्यक्ष शारदा राणा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, विशिष्ट अतिथि राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि सहकारी बैंक की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में किसान ऋण मेले आयोजित करना सराहनीय पहल है। इससे किसानों, छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार से जुड़े युवाओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गांवों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ें।
बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने कहा कि उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और युवाओं एवं महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है। बैंक की ओर से ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है। बैंक का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति वित्तीय सुविधाओं से वंचित न रहे।
मेले में ये रहीं प्रमुख उपलब्धियां
किसान ऋण मेले के दौरान बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अंतर्गत 93.70 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। इसके अलावा 40 नए सदस्यों को सहकारी बैंक से जोड़ा गया, जबकि 38 पूर्व निष्क्रिय सदस्यों को पुनः सक्रिय किया गया। वहीं, 20 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादित किया गया।
मेले में किसानों, जनजातीय समुदाय, लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों तथा स्वरोजगार से जुड़े युवाओं को विभिन्न बैंकिंग एवं ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी ग्रामीणों को अवगत कराते हुए पात्र लाभार्थियों का नामांकन किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, बैंक उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह, पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह राणा, मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, विक्रम सिंह रावत सहित जिला सहायक निबंधक सहकारिता, बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक, सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर बैंक अध्यक्ष शारदा राणा ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए किसानों और ग्रामीणों से सहकारी बैंक की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

