नई टिहरी के हितों की लड़ाई भूख हड़ताल के चौथे दिन भी राहुल बुटोला का संकल्प बरकरार
टिहरी – नई टिहरी शहर के व्यापारियों की बदहाली, मेडिकल कॉलेज की स्थापना और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राहुल बुटोला भूख हड़ताल पर बैठे हैं। भूख हड़ताल के चौथे दिन भी उनका कहना है कि उनका उद्देश्य अपने शहर के हितों की रक्षा करना है।
राहुल बुटोला ने कहा कि नई टिहरी का बाजार आज जिस स्थिति में है, उससे यहां के व्यापारी निराश और परेशान हैं। बाजार में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना बेहद जरूरी है। मेडिकल कॉलेज खुलने से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि पूरे क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गढ़वाल के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को इलाज के लिए टिहरी से बाहर दूसरे शहरों के अस्पतालों में जाना पड़ता है। कई बार उन्हें वहां परेशानियों और उपेक्षा का सामना करना पड़ता है। यदि नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।
राहुल बुटोला ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा, “मर जाएंगे, झुकेंगे नहीं। मेरे शहर को बचाना ही मेरा उद्देश्य भी है और कर्तव्य भी।”
उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस मांग को लेकर एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि नई टिहरी के भविष्य, व्यापारियों के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की लड़ाई है।
भूख हड़ताल के चौथे दिन राहुल बुटोला ने सभी समर्थकों और शहरवासियों को क्रांतिकारी सलाम करते हुए अपना आंदोलन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

