बड़कोट में 220 ग्राम चरस के साथ पुरोला के दो युवक गिरफ्तार, अपाचे बाइक सीज
कृष्णा खड्ड के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता, बरामद चरस की कीमत करीब 40 हजार रुपये
उत्तरकाशी – जनपद उत्तरकाशी में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़कोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुरोला क्षेत्र के दो युवकों को 220 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपदभर में नशा तस्करी के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 नवंबर की शाम को बड़कोट के कृष्णा खड्ड के समीप चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UK 07 DS 2148 (अपाचे मोटरसाइकिल) पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 220 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार युवकों की पहचान प्रवेश सिंह (23 वर्ष) पुत्र बलदेव सिंह, निवासी पाणीगांव, पुरोला तथा शिवम सिंह (21 वर्ष) पुत्र उपेन्द्र सिंह, निवासी बिणाई, पुरोला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली बड़कोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल बबलू खान, गजेन्द्र सिंह कुंवर और मोहन सिंह ठाकुर शामिल रहे।
33 मुकदमे, 46 तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 33 मुकदमे दर्ज कर 46 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 62 लाख रुपये कीमत की 13.8 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त चार तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

