उत्तराखंड

प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के दुष्प्रभावों और रोकथाम की दी जानकारी, एडीजी वी. मुरुगेशन ने किया जागरूक

नशा तस्करों के नेटवर्क पर सतर्क नजर रखने और NDPS एक्ट की कानूनी प्रक्रियाओं की दी जानकारी

देहरादून –  पुलिस लाइन देहरादून में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने प्रशिक्षणरत प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के दुष्प्रभाव, अवैध नशा कारोबार और उसकी रोकथाम के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे का अवैध कारोबार समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती है। इसके दुष्प्रभाव सबसे अधिक युवाओं, परिवारों और सामाजिक व्यवस्था पर पड़ते हैं।

कार्यक्रम में एडीजी वी. मुरुगेशन ने प्रशिक्षु आरक्षियों को नशे के खिलाफ जागरूक एवं सक्रिय रहकर समाज में नशा उन्मूलन की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने NDPS एक्ट के महत्वपूर्ण प्रावधानों, कानूनी प्रक्रियाओं तथा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई की जानकारी भी दी।

इस दौरान एसटीएफ/एएनटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली ने नशे के अवैध कारोबार की जमीनी हकीकत, तस्करी के विभिन्न तरीकों और नशा तस्करों के नेटवर्क के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को नशे के कारोबार की पहचान करने और तस्करों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में नशे के खिलाफ प्रभावी पुलिस कार्रवाई के साथ ही युवाओं और आमजन को जागरूक करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। पुलिस और जनता के सामूहिक प्रयासों से ही नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रशिक्षु आरक्षियों को भविष्य में पुलिस सेवा के दौरान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा नशामुक्त उत्तराखंड एवं नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देहात देहरादून जया बलूनी, क्षेत्राधिकारी मसूरी जगदीश पंत, पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ/एएनटीएफ परवेज अली सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!