उत्तराखंड

जनगणना-2027 को लेकर जनपद में चलाया जाएगा व्यापक जनजागरूकता अभियान

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के साथ लोगों को स्व-गणना एवं जनगणना प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी

उत्तरकाशी – जनगणना-2027 के सफल संचालन और आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रमुख जनगणना अधिकारियों एवं जनगणना अधिकारियों के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर लोगों को जनगणना के महत्व, उद्देश्य और प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

अभियान के तहत कलेक्ट्रेट, तहसील एवं उप जिला मजिस्ट्रेट कार्यालयों, पुलिस थानों, अस्पतालों, बस अड्डों पर जनगणना से संबंधित पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग लगाए जाने के साथ विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता प्रतियोगिताएं, रैली, मैराथन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, स्थानीय लोक कलाकारों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संचार माध्यमों के जरिए भी जनगणना का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवनों, राशन की दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के साथ मेलों में नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए जनगणना का महत्व समझाया जाएगा। स्थानीय वाहनों, केबल टीवी और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार और अभियान में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों और ग्राम स्तरीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!