भैरव मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ, पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पुरोला (उपला देवरा) – जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विकास खंड के अन्तर्गत उपला देवरा स्थित भैरव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ।
कथा के प्रथम दिन मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं कलश यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इसके बाद कथा व्यास डाo किशोरी रतूड़ी ने श्रीमद् भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सत्संग की महिमा बताई। भागवत कथा के प्रारंभिक प्रसंगों का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करने वाला दिव्य ग्रंथ है।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों और संकीर्तन का आनंद लिया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
यह आयोजन ध्यानियो के द्वारा किया जा रहा है । श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल एवं प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी। ध्यानियो के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कथा आगामी दिनों तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।

