बारह दिन बाद विधायक ने समाप्त कराया धरना, शिक्षा मंत्री ने मांगें पूरी करने का दिया आश्वासन
पुरोला – स्वर्गीय बर्फिया लाल जुवांठा महाविद्यालय पुरोला में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 12 दिनों से चल रहा धरना-प्रदर्शन आखिरकार समाप्त हो गया। क्षेत्रीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद आंदोलनरत छात्र-छात्राओं एवं अन्य लोगों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रवासी पिछले बारह दिनों से धरने पर बैठे थे। आंदोलनकारियों का कहना था कि महाविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही सभी विषय होने जरूरी हैं,लंबे समय से उठाई जा रही उनकी मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। लगातार धरना चलने के कारण महाविद्यालय परिसर में भी माहौल गर्म बना हुआ था।
क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। विधायक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और शासन स्तर पर मांगों को रखने का भरोसा दिलाया। इसके बाद शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से वीडियो कॉल के माध्यम से आंदोलनकारियों की बातचीत कराई गई।
वीडियो कॉल पर शिक्षा मंत्री ने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि महाविद्यालय से संबंधित उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और सभी मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद उन्होंने फिलहाल धरना समाप्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर किए गए वादे के अनुसार जल्द ही मांगों पर ठोस कार्रवाई होगी। वहीं विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
बारह दिनों से चल रहे धरने के समाप्त होने के बाद महाविद्यालय परिसर में स्थिति सामान्य हुई। आंदोलनकारियों ने शासन और विधायक का मांगों के समाधान का भरोसा दिलाने पर आभार जताया।

