14 टीमों के रोमांचक मुकाबलों के बाद आर.डी. टाइगर बनी चैंपियन, स्टार क्रिकेट क्लब रहा उपविजेता
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विचार मंच टिहरी एवं क्रीड़ा विकास एवं खिलाड़ी कल्याण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “टिहरी प्राइड क्रिकेट लीग” का भव्य समापन
नई टिहरी – डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विचार मंच टिहरी एवं क्रीड़ा विकास एवं खिलाड़ी कल्याण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्राइड क्रिकेट लीग का भव्य समापन जिला मुख्यालय स्थित बोराड़ी स्टेडियम में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद की 14 टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल भावना का शानदार परिचय दिया।
फाइनल मुकाबला आर.डी. टाइगर एवं स्टार क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। बारिश से बाधित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आर.डी. टाइगर ने निर्धारित 15 ओवरों में 163 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। टीम की ओर से प्रियांशु पवार (55 रन), विपिन रघुवंशी (55 रन) एवं रॉबिन (31 रन) ने शानदार बल्लेबाजी की। स्टार क्रिकेट क्लब की ओर से राकेश रावत ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार क्रिकेट क्लब की टीम 115 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से यशपाल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। आर.डी. टाइगर की ओर से ए.एस. कोरंगा ने 3 विकेट, सतवंत एवं साकिर हुसैन ने 2-2 विकेट, जबकि मनवीर भंडारी ने 1 विकेट लेकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि युवा कल्याण विभाग के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा ने विजेता आर.डी. टाइगर को 7100 और ट्रॉफी एवं उपविजेता स्टार क्रिकेट क्लब को ₹3100 व ट्रॉफी, के साथ पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि राकेश राणा ने कहा कि”खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल हमें अनुशासन, नेतृत्व, संघर्ष और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का कार्य करते हैं। मेरा विश्वास है कि टिहरी के खिलाड़ी आने वाले समय में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।”
व्यक्तिगत पुरस्कार
मैन ऑफ द सीरीज – प्रियांशु पवार (आर.डी. टाइगर)
बेस्ट बल्लेबाज – निखिल बिष्ट (डायनेमिक किंग टीम)
बेस्ट बॉलर – जितेंद्र नेगी (स्टार क्रिकेट क्लब)
बेस्ट विकेटकीपर – अंकित अवस्थी (डायनेमिक किंग टीम)
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ एपीजे अब्दुल कलाम विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष असद आलम, क्रीड़ा विकास एवं खिलाड़ी कल्याण संस्था के सचिव राजेश नेगी,सुमन सिरकोटी, जितेंद्र नेगी, मनीष पोखरियाल, सतबीर पुंडीर, अनिल रावत, केसर केंतुरा, आशीष जोशी, मनवीर राणा, कुलदीप रावत, रोबिन, मनवीर भंडारी, जयेंद्र पवार, कवीन्द्र रावत सहित अनेक खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

