देहरादून – नशा मुक्ति केंद्र से छूटकर जेल जाने के लिए आरोपियों ने एक व्यक्ति की चम्मच से गोदकर हत्या कर दी। केंद्र संचालक के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे नशा मुक्ति केंद्र की पाबंदियों से परेशान थे। इसलिए उन्होंने हत्या की योजना बनाई।
संचालक के मुताबिक एक आरोपी मरीज पहले भी एक बार कर्मचारियों को चकमा देकर यहां से भाग चुका है। उसके परिवार ने उसे फिर से नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया। इससे वो काफी परेशान रहता था।
केंद्र के संचालक रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों ने बुधवार देर रात उनकी हत्या की भी योजना बनाई थी। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे होने की वजह से वे घटना को अंजाम नहीं दे पाए। अगले ही दिन आरोपियों ने केंद्र के एक मरीज जो चलने-फिरने में असमर्थ था, उसकी हत्या कर दी। यह सभी बातें आरोपियों ने हत्या के बाद नशा मुक्ति केंद्र पर पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बताई हैं।