गंभीर रूप से बीमार 62 वर्षीय महिला को हेली एंबुलेंस से हायर सेंटर भेजा
उत्तरकाशी (मोरी) – सीमांत विकासखंड मोरी के ग्राम भितरी निवासी 62 वर्षीय महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला प्रशासन ने हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें हायर सेंटर दून चिकित्सालय रेफर किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भितरी निवासी किसेन्द्री देवी पत्नी शुरबीर सिंह, उम्र 62 वर्ष, गंभीर बीमारी से ग्रसित थीं। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।
महिला के परिजनों ने जिला प्रशासन से हेली एंबुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने युकाडा देहरादून से समन्वय स्थापित कर हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई।
शाम करीब 4:25 बजे हेली एंबुलेंस के माध्यम से महिला को बेहतर उपचार के लिए दून चिकित्सालय, देहरादून भेजा गया। प्रशासन की त्वरित पहल से गंभीर रूप से बीमार महिला को समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था हो सकी।

