उत्तराखंड

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन का 11वां द्विवार्षिक अधिवेशन सम्पन्न, फार्मासिस्टों की समस्याओं पर हुआ मंथन

बड़कोट (उत्तरकाशी) – डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड, जनपद शाखा उत्तरकाशी के तत्वावधान में आयोजित 11वां द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को बड़कोट स्थित एक होटल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में जनपद सहित प्रदेशभर से आए फार्मासिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, अति विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री  प्रताप सिंह पंवार,मुख्य चिकित्सा अधिकार डॉ बी एस रावत, डिप्टी सी एमओ डॉ आर्य सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

अधिवेशन में स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका, कार्यस्थल की चुनौतियां, सेवा शर्तों में सुधार, पदोन्नति, वेतन विसंगतियों सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में फार्मासिस्टों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में उनके हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।

इस अवसर पर संगठन को मजबूत करने, फार्मासिस्टों की समस्याओं के समाधान हेतु एकजुटता बढ़ाने तथा शासन स्तर पर प्रभावी पैरवी करने पर जोर दिया गया।

जिलाध्यक्ष अजय जोशी एवं सचिव जय प्रकाश मखवाण ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवेशन के माध्यम से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिली है। अधिवेशन में लिए गए निर्णय आने वाले समय में फार्मासिस्टों के हितों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुधा कुकरेती,प्रदेश महामंत्री डॉ सतीश चंद पांडे, जे पी टम्टा, मुकेश नौटियाल ,आनन्द सिंह चौहान, भगवान सिंह, वीरेंद्र सिंह पंवार ,त्रेपन सिंह,भगवती प्रसाद, कमल दास, चंद्रमोहन राणा,उमरयाल सिंह रावत, पूरन सिंह,सी पी नौटियाल,एलम पंवार ,रविन्द्र सिंह,प्रेम लाल भारती, अखिलेश नाथ,केदार राजवंशी,मुकेश कुमार, दीप्ति सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!