उत्तराखंड

यमुनाघाटी में गूंजा सम्मान, वरिष्ठ पत्रकार सुनील थपलियाल के राष्ट्रीय चयन पर भव्य अभिनंदन

उत्तरकाशी  ( बड़कोट ) – यमुनाघाटी में उस समय गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब वरिष्ठ पत्रकार सुनील थपलियाल को भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ (IFWJ) की अनुशासन समिति का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल, यमुनाघाटी कार्य समिति द्वारा उनका भव्य सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कबूल सिंह पंवार ने जिला कार्यकारिणी, विभिन्न नगरों एवं कस्बों के अध्यक्षों और महामंत्रियों की उपस्थिति में हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे यमुनाघाटी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि श्री थपलियाल ने अपने कार्य और समर्पण से क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

सम्मान समारोह में श्री थपलियाल को फूलमालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सम्मान का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र रावत ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि न केवल पत्रकारिता जगत के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने भी इस अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए श्री थपलियाल को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संघर्ष और समर्पण की मिसाल हैं सुनील थपलियाल

सुनील थपलियाल का पत्रकारिता सफर संघर्ष, समर्पण और सेवा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने वर्ष 2000 में मुंबई से मास कम्युनिकेशन की डिग्री प्राप्त की और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में चैनल व अखबारों में कार्य किया। इसके बाद देहरादून में प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं देने के पश्चात उन्होंने अपने क्षेत्र बड़कोट लौटकर जमीनी पत्रकारिता को चुना।

जहां महानगरों की सुविधाओं को छोड़कर तहसील स्तर पर कार्य करना कई लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, वहीं श्री थपलियाल ने इसे सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने दैनिक राष्ट्रीय सहारा और सहारा समय न्यूज चैनल के जरिए क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को मजबूती से उठाया।

वर्ष 2004 में उन्हें यमुनाघाटी पत्रकार संघ का अध्यक्ष चुना गया और तब से लेकर आज तक वे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। वर्तमान में वे उत्तरकाशी जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष, रवांई घाटी पत्रकार संघ अध्यक्ष, यमुनोत्री प्रेस क्लब अध्यक्ष, एसयूडब्ल्यूजे उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

पत्रकार ही नहीं, समाजसेवा में भी अग्रणी

सुनील थपलियाल केवल एक सशक्त पत्रकार ही नहीं, बल्कि एक सक्रिय समाजसेवी भी हैं। छात्रसंघ राजनीति से लेकर वर्तमान तक उनका संघर्ष और समाज के प्रति योगदान क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणादायक रहा है।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि उनका यह चयन उनकी निष्ठा, निष्पक्षता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण का परिणाम है, जिससे यमुनाघाटी का मान-सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक बढ़ा है।

जनपद पत्रकार संघ व प्रेस क्लब संघ के सभी सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!