उत्तराखंड

होटल एसोसिएशन यमुना वैली ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी का जताया आभार

मुख्यमंत्री के सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत् संवाद” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही चारधाम यात्रा  – जिलाधिकारी

उत्तरकाशी – यमुना वैली होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से भेंट कर जनपद में चारधाम यात्रा के सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष प्रशासन की मुस्तैदी और समुचित व्यवस्थाओं के कारण यमुनोत्री धाम आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन से लेकर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्रशासन ने सराहनीय भूमिका निभाई है जिससे स्थानीय पर्यटन और होटल व्यवसाय को भी संबल मिला है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, निर्बाध विद्युत व पेयजल आपूर्ति और यात्रा मार्ग में साफ सफाई व स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की यात्रा के सुचारू संचालन में अहम भूमिका रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत् संवाद” के मंत्र के साथ प्रशासन का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्रदान करना है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन सहित सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। श्रद्धालुओं को आतिथ्य सुविधा उपलब्ध कराने में होटल व्यवसायी इस पूरे तंत्र की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था तथा सूचना सहायता केंद्रों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। जिनकी श्रद्धालुओं द्वारा भी सराहना की जा रही है।

इस दौरान होटल एसोसिएशन यमुनावैली के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!