उत्तराखंड

सरदार सिंह रावत इंटर कॉलेज नैनबाग में मुख्य विकास अधिकारी का भ्रमण

नैनबाग  – टिहरी जनपद के सरदार सिंह रावत इंटर कॉलेज, नैनबाग में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल ने विद्यालय का भ्रमण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, स्वच्छता व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय प्रशासन से शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम तथा विद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आग्रह किया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डाo चंद्रशेखर नौटियाल एवं शिक्षकों ने मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और आवश्यकताओं से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी ने आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया।

विद्यालय परिवार ने मुख्य विकास अधिकारी के भ्रमण को प्रेरणादायक बताते हुए आशा व्यक्त की कि उनके सुझावों से विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!