उत्तराखंड

यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री खजान दास, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

पारंपरिक रासो नृत्य में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री, युवाओं से अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का किया आह्वान

उत्तरकाशी (डामटा )– कैबिनेट मंत्री समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा विभाग उत्तराखंड सरकार खजान दास ने डामटा स्थित सूरत स्टेडियम डामटा-कांडी में आयोजित यमुनाघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समारोह में प्रतिभाग किया। समारोह में कैबिनेट मंत्री का स्थानीय लोगों ने पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के साथ ही ग्रामीणों के बीच पहुंचकर रवांई-जौनसार-जौनपुर क्षेत्र के पारंपरिक रासो नृत्य में भी प्रतिभाग किया।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि यमुनाघाटी क्षेत्र के लोगों ने अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, बोली-भाषा और जड़ों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ आगे बढ़ें, लेकिन अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को कभी न भूलें।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रही है। सरकार ने पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। वहीं राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देकर उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितों और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

समारोह के दौरान समिति की ओर से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर मांगपत्र भी प्रस्तुत किया गया। मंत्री ने समिति को मांगपत्र में शामिल मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही समारोह के आयोजन को प्रोत्साहित करने के लिए अपने वेतन से भी आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की।

समारोह में कबड्डी (ओपन एवं ग्राम स्तर), वॉलीबॉल, महिला कबड्डी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा जूनियर एवं सीनियर वर्ग की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और स्थानीय संस्कृति को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण प्रयास बन रहा है।

इस अवसर पर नारायण सिंह चौहान, पूरण सिंह चौहान, चमन सिंह चौहान, बचनदास, कुशलानंद नौटियाल, अनिल चौहान, बचन सिंह चौहान, मनमोहन सिंह नेगी, दिनेश नौटियाल, खजान पंवार, अर्जुन पंवार, त्रेपन सिंह रावत, चतर सिंह चौहान, बलबीर चौहान, मुकेश राणा, दिनेश पंवार, सचिन चौहान, किशन रावत, अमीन चौहान, मुकेश पंवार , पुलिस उपाधीक्षक चंचल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!