जरमोला में 15 दिवसीय उद्यान एवं नर्सरी प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ
जरमोला,(उत्तरकाशी) – जनपद उत्तरकाशी के जरमोला स्थित उद्यान प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र में 15 दिवसीय उद्यान, बागवानी एवं नर्सरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों, युवाओं और उद्यानिकी से जुड़े इच्छुक प्रतिभागियों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, पौध उत्पादन तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फलदार एवं छायादार पौधों की नर्सरी तैयार करने, पौध संरक्षण, उन्नत बागवानी तकनीकों, जैविक खेती, खाद एवं उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था तथा पौधों की देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञ प्रशिक्षक विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी देंगे ताकि प्रशिक्षार्थी अपने क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन और आय बढ़ा सकें।
प्रशिक्षण केंद्र की सहायक निदेशक डा o ज्योति ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम किसानों और युवाओं को उद्यानिकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा, जिसका लाभ वे अपने खेतों और नर्सरी विकास में उठा सकेंगे।
यह प्रशिक्षण अगले 15 दिनों तक विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक सत्रों के साथ जारी रहेगा। प्रशिक्षार्थियों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

