उत्तराखंड शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस समेत 11 अधिकारियों के तबादले
देहरादून – उत्तराखंड सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 10 आईएएस (IAS) और 1 आईएफएस (IFS) अधिकारी सहित कुल 11 अधिकारियों के तबादले और विभागीय दायित्वों में बदलाव किए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों के कार्यभार में वृद्धि की गई है।
तबादला सूची के अनुसार आईएएस युगल किशोर पंत को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं ज्योति यादव को नई विभागीय जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईएएस पंकज पांडेय के वर्तमान कार्यभार में वृद्धि करते हुए उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके अलावा लालिरन लियाना फैनई, रणवीर सिंह चौहान, विनोद कुमार सुमन, दीपेंद्र कुमार चौधरी, नितिन सिंह भदौरिया, सोनिका और रविनाथ रमन के विभागों एवं दायित्वों में भी बदलाव किया गया है। एक आईएफएस अधिकारी का भी स्थानांतरण किया गया है।

सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नई तैनातियों के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फेरबदल को राज्य सरकार की प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के नए दायित्वों से विभिन्न विभागों में कार्यों के बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।

