उत्तराखंड

टीईटी में छूट व पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ का एक दिवसीय धरना

पुरोला (उत्तरकाशी) – टीईटी में छूट प्रदान करने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल किए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ प्रखंड पुरोला के बैनर तले शिक्षकों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लेकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें जोरदार ढंग से उठाईं।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से शिक्षक अपनी न्यायोचित मांगों को शासन के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि टीईटी संबंधी प्रावधानों में आवश्यक छूट दी जाए ताकि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के हित सुरक्षित रह सकें। साथ ही नई पेंशन योजना को कर्मचारियों के भविष्य के लिए असुरक्षित बताते हुए पुरानी पेंशन योजना को शीघ्र बहाल करने की मांग की गई।

शिक्षक संघ के अध्यक्ष त्रेपन सिंह रावत ने कहा किशिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्राथमिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से शिक्षकों में निराशा बढ़ रही है। सरकार को शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

धरना स्थल पर शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश स्तर पर भी आंदोलन तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

धरने के अंत में प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया गया। ज्ञापन में टीईटी में छूट, पुरानी पेंशन योजना की बहाली तथा शिक्षकों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

धरना-प्रदर्शन में प्राथमिक शिक्षक संघ प्रखंड पुरोला के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उन्होंने एकजुट होकर शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!