उत्तराखंड

मार्ग के संवेदनशील और संकरे स्थानों पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए- डीएम

बड़कोट – जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि डामटा-नौगांव राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और सुगमता के साथ किया जाए ताकि तीर्थयात्रियों और स्थानीय जनता को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मार्ग के संवेदनशील और संकरे स्थानों पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी आवश्यक प्रबंध हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, जिससे चारधाम यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोनिवि बड़कोट ने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी देते हुए अवगत कराया है कि डामटा से नौगांव के मध्य विभिन्न निर्माण कार्य फर्मों द्वारा कार्य तेजी से किया जा रहा है। डामटा से रिखाऊ खड्ड के मध्य साईड कटिंग, जीएसबी और डब्ल्यूएमएम का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। रिखाऊ से नौगांव के मध्य सड़क चौड़ीकरण का कार्य माह नवंबर 2025 से निरंतर जारी है। प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 25.400 किलोमीटर की कुल लंबाई में से अब तक 20.400 किलोमीटर हिस्से में साइड कटिंग तथा 3.00 किलोमीटर में जीएसबी का कार्य पूरा कर लिया गया है। मार्ग चौड़ीकरण के दौरान पूर्व निर्मित मार्ग की सतह, नालियां और नारदाने क्षतिग्रस्त हुए थे, जिनके सुधार हेतु त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में 29 चयनित स्थानों पर 600 मीटर लंबाई में कवर्ड आरसीसी ड्रेन का निर्माण कार्य गतिमान है।
मार्ग की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण लंबाई में कटिंग स्पिल हटाकर कच्चे पैच और जीएसबी के माध्यम से मार्ग की सतह को व्यवस्थित किया गया है। तीव्र पहाड़ी ढाल और चट्टानी क्षेत्रों में जहां कटिंग के दौरान क्रैश बैरियर क्षतिग्रस्त हुए थे, वहां यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत सावधानी हेतु कॉशन टेप, सूचना बोर्ड और रिफ्लेक्टिंग साइन मार्क स्थापित किए गए हैं।

अधिशासी अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण होने के उपरांत सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने हेतु पूरी लंबाई में मेटल बीम क्रैश बैरियर स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि यात्रा सीजन और स्थानीय आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!