“महिलाओं का स्वास्थ्य एवं स्वच्छता”विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन
यमकेश्वर – महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय,बिथ्याणी, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल में “महिलाओं का स्वास्थ्य एवं स्वच्छता” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना तथा स्वच्छता के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण के साथ हुई। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. अंशिका नेगी (महिला चिकित्सा अधिकारी), डॉ. अजीत तिवारी (चिकित्सा अधिकारी) तथा नितिन शर्मा (नर्सिंग अधिकारी) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्थित रहे।
डॉ. अंशिका नेगी ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों जैसे पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया, तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य देखभाल पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
डॉ. अजीत तिवारी ने सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं, संक्रमण से बचाव, तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत ही नहीं बल्कि सामुदायिक स्तर पर भी अत्यंत आवश्यक है।
इस कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस सोसाइटी की नोडल अधिकारी, पूजा रानी तथा वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. हिमानी बडोनी के निर्देशन में किया गया। उनके कुशल नेतृत्व में कार्यशाला अत्यंत सफल रही।
कार्यशाला के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रभारी प्राचार्य, विनय कुमार पांडेय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ.नीरज नौटियाल के द्वारा किया गया।
यह कार्यशाला छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुई और उन्हें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर डॉ. उमेश त्यागी, डॉ. राम सिंह सामंत, सुनील प्रसाद, चेतन भट्ट, डॉ. मनवीर सिंह कंडारी, महेंद्र सिंह बिष्ट, उर्वशी जुयाल, नरेश राणा और बीना देवी उपस्थित रहे।

